28 may 2026
अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस के बीच भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में युगांडा से लौटी 28 वर्षीय महिला को इबोला जैसे लक्षण मिलने के बाद सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला को एहतियातन आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और उसके सैंपल जांच के लिए पुणे की लैब भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक महिला को शरीर दर्द और कमजोरी की शिकायत थी। एयरपोर्ट पर ट्रैवल हिस्ट्री सामने आने के बाद मेडिकल टीम तुरंत सक्रिय हुई और उसे सीधे एपिडेमिक डिजीज अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इधर गुजरात में भी कांगो से लौटे एक कारोबारी में इबोला जैसे लक्षण मिलने से हड़कंप मच गया। अहमदाबाद के अस्पताल में उसे आइसोलेशन में रखा गया है। उसके संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी की जा रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) पहले ही अफ्रीकी देशों कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण को लेकर चिंता जता चुका है। भारत सरकार ने भी एयरपोर्ट स्क्रीनिंग और ट्रैवल मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कई राज्यों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते रोका जा सके।
विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल भारत में इबोला का कोई पुष्टि वाला मामला सामने नहीं आया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय यात्रा के कारण खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। स्वास्थ्य विभाग लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील कर रहा है।

