22 may 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए 483 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ये नियुक्तियां सिंचाई और कृषि विभाग में दी गई हैं, जहां चयनित अभ्यर्थी विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं देंगे।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कहा कि यह केवल सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए योग्य युवाओं को अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है।
सीएम धामी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई ऊर्जा आने से प्रदेश के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से राज्यहित में कार्य करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान भी किया। सरकार का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान किए गए हैं, जिससे रोजगार के नए रास्ते खुले हैं।

